सीवरेज साफ करते वक्त धंसी सड़क, एक की मौत:10 फीट गहरे गड्ढे में उतरे थे दो कर्मचारी

0
3

रतलाम में सीवरेज की सफाई के दौरान सड़क का हिस्सा धंस गया। मलबे में दबने से एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा रविवार देर शाम करीब 8 बजे हुआ। घटना के विरोध में सोमवार सुबह नगर निगम और ठेका सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।

नगर निगम ने सीवरेज सफाई का काम जे बरूडी एजेंसी को कॉन्ट्रैक्ट पर दे रखा है। हादसे के शिकार दोनों कर्मचारी इसी कंपनी के थे।

10 फीट गहरे गड्‌ढे में काम कर रहे थे कर्मचारी

रतलाम के दिलीप नगर में सीवरेज लाइन साफ करने के लिए रविवार को जेसीबी से खुदाई कर 10 फीट गहरा गड्‌ढा खोदा गया। दो ठेका कर्मचारी गड्ढे में उतरकर काम कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे का हिस्सा धंस गया। मिट्‌टी-पत्थर कर्मचारियों के ऊपर आ गिरे, वे दोनों दब गए।

सूचना पर नगर निगम से फायर लॉरी, सालाखेड़ी चौकी प्रभारी मुकेश यादव समेत पुलिस बल पहुंचा। दोनों कर्मचारियों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने सुनील (26) पिता मुन्नालाल गौहर निवासी सैफी नगर को मृत घोषित कर दिया। बहादुर (28) पिता हेमराज डामोर निवासी हरथल (रावटी) का इलाज जारी है।

चश्मदीद राजेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि एंबुलेंस और फायर लाॅरी देरी से पहुंची थीं। कर्मचारियों के पास सेफ्टी के साधन भी नहीं थे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बमुश्किल निकाला जा सका।