भोपाल में महिला कांग्रेस का नारी न्याय आंदोलन आज:महंगाई, महिला अपराधों जैसे मुद्दों पर राज्यपाल को देंगी ज्ञापन

0
6

आजादी के आंदोलन में करो या मरो के नारे साथ चलाए गए अगस्त क्रांति आंदोलन की तर्ज पर एमपी में कांग्रेस इस अगस्त के महीने में लगातार आंदोलन और प्रदर्शन कर रही है। आज भोपाल में महिला कांग्रेस नारी न्याय आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करेगी। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन होगा।

जीतू पटवारी, विभा पटेल होंगे शामिल

आज दोपहर 12.30 बजे से भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर नारी न्याय आंदोलन के तहत प्रदेश स्तरीय आयोजन होगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण एवं प्रदेश भर से महिला कांग्रेस नेत्रियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद महिलाओं की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने बताया कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के निर्देश पर आयोजित नारी न्याय आंदोलन में प्रदेश भर से महिला कांग्रेस की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्षों, सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिला जनप्रतिनिधियों को भी आंदोलन में शामिल होने का आग्रह किया है।

पटेल ने कहा कि नारी न्याय आंदोलन के माध्यम से आर्थिक, सामाजिक और यौन उत्पीड़न जैसी विभिन्न समस्याओं, महिला आरक्षण, जातिगत जनगणना, महिलाओं के साथ अपराधों के बढ़ते मामले, बेलगाम महंगाई, चौपट स्वास्थ्य व्यवस्था जैसे तमाम मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन एवं राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

दिल्ली से शुरू हुआ था नारी न्याय आंदोलन

मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल ने बताया कि इस अभियान का पहला चरण 29 जुलाई 2024 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर से शुरू हुआ था। अब दूसरा चरण मप्र में शुरू किया जा रहा है। 28 अगस्त को इसकी भोपाल में बैठक होगी।

महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराध

महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में चिंताजनक वृद्धि हुई है। सत्ता के दुरुपयोग से इन अपराधियों को कानून के शिकंजे से बचाया जाता रहा है, जिससे न्याय की प्रक्रिया बाधित होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय, भाजपा उन्हें केवल चुनाव के दौरान वोट बैंक के रूप में देखती है।

विभा पटेल ने अगर राज्य सरकार इन मांगों पर ध्यान नहीं देती, तो यह आंदोलन भोपाल से शुरू होकर हर जिले में चलाया जाएगा। महिला कांग्रेस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें न्याय दिलाने के लिए सरकार पर दबाव बनाना है।