सीएम की कुर्सी संभालते ही कमलनाथ ने लिया बड़ा फैसला, किया किसानों का कर्ज माफ

0
445

भोपाल : कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ देर बाद ही बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने किसानों के कर्ज माफी के दस्तावेज पर हस्ताक्षकर कर मंजूरी दे दी। अब किसानों का कर्ज माफ हो जाएगा। उन्होंने ने आज (सोमवार) ही मध्यप्रदेश के 18वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ ली। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

कमलनाथ ने राज्य विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वचन पत्र (घोषणा पत्र) में किसानों के कर्ज माफ करने के किए गए वादे के अनुसार सोमवार शाम सबसे पहले किसानों के 2 लाख रुपए तक के कर्ज माफ करने की फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसकी जानकारी मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश राजोरा ने दी। राजोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा कर्जमाफी की फाइल पर हस्ताक्षर करने के बाद इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा, ‘सोमवार शाम जारी आदेश में कहा गया है कि मध्यप्रदेश शासन एतद् द्वारा निर्णय लिया जाता है कि मध्यप्रदेश राज्य में स्थित राष्ट्रीयकृत तथा सहकारी बैंकों में अल्पकालीन फसल कर्ज के रूप में शासन द्वारा पात्रता अनुसार पात्र पाए गए किसानों के दो लाख रुपए की सीमा तक का 31 मार्च 2018 की स्थिति में बकाया फसल कर्ज माफ किया जाता है।’