20 सितंबर को रातीबड़ में जुटेंगे भोपाल जिले के किसान:कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा में कमलनाथ छिंदवाड़ा

0
5

मप्र में सोयाबीन के दाम 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर किसान आंदोलित हैं। 10 सितंबर से कांग्रेस लगातार जिलों में आंदोलन प्रदर्शन कर रही है। 20 सितंबर को प्रदेश भर में होने वाली किसान न्याय यात्रा में पूर्व सीएम कमलनाथ छिंदवाड़ा में शामिल होंगे। प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह इंदौर में शामिल होंगे।

रातीबड़ में जुटेंगे भोपाल के किसान

कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा में 20 सितंबर को भोपाल जिले के कांग्रेस नेता और किसान रातीबड़ में इकट्‌ठे होंगें। रातीबड़ में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल भैया के नेतृत्व में किसानों की ट्रैक्टर रैली रवाना होकर नीलबड़ से डिपो चौराहे होते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच करेगी।

गांवों में किसानों की बैठकें कर रहे कांग्रेस नेता

कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी गण गांवों में किसानों की बैठकें कर रहे हैं। किसानों से ट्रैक्टर लेकर इस किसान न्याय यात्रा में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। विधायकों, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्षों से लेकर ब्लॉक अध्यक्ष गांवों में किसानों से चर्चा कर ट्रैक्टर रैली की तैयारी में जुटे हैं।

इस जिले में ये कांग्रेस नेता होंगे शामिल

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि 20 सितंबर को सभी जिलों में आयोजित होने वाली किसान न्याय यात्रा में मप्र के प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इंदौर में शामिल होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार-धार, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ‘राहुल भैया’-भोपाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया-झाबुआ, कांग्रेस सीडब्ल्यूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल-रीवा, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह-भिंड, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह-मुरैना, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह-गुना पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा-उज्जैन और पूर्व विधायक नीलांशु चतुर्वेदी-सतना जिले में आयोजित किसान न्याय यात्रा में शामिल होंगे।