जम्मू भाजपा दफ्तर में कार्यकर्ताओं का हंगामा:पार्टी ने सुबह 10 बजे 44 कैंडिडेट की लिस्ट जारी की

0
9

जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली लिस्ट जारी होने के बाद पार्टी के जम्मू दफ्तर में हंगामा शुरू हो गया है। भाजपा ने सुबह 10 बजे 44 नामों की लिस्ट जारी की थी। इसमें 3 फेज के कैंडिडेट्स के नाम थे। इसका विरोध हुआ तो 2 घंटे बाद 15 नामों की नई लिस्ट जारी की। इसमें सिर्फ फर्स्ट फेज के कैंडिडेट्स के नाम थे।

बदली हुई लिस्ट आने के बाद भी जम्मू के भाजपा दफ्तर पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। यहां ओमी खजुरिया के समर्थकों ने नारे लगाए, जिनका नाम लिस्ट में नहीं है। वे जम्मू उत्तर से चुनाव लड़ते आए हैं, यहां कांग्रेस से भाजपा में आए शाम लाल शर्मा को टिकट दिया गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर टिकट नहीं दिया गया तो पार्टी से इस्तीफा दे देंगे।

प्रदेश अध्यक्ष रैना ने खुद को केबिन में बंद किया

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर पैराशूट नेताओं को टिकट बांट रही है। कार्यकर्ताओं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना के केबिनके सामने नारेबाजी कर रहे थे। इसके बाद रैना ने खुद को अपने केबिन में बंद कर लिया। कुछ देर बाद वो कमरे से बाहर आए और कहा- कार्यकर्ताओं का सम्मान करता हूं। सबसे व्यक्तिगत तौर पर बात करूंगा।

44 नामों की पहली लिस्ट में नहीं थे 3 बड़े नाम

भाजपा की पहली लिस्ट में 3 चर्चित चेहरों पूर्व डिप्टी CM निर्मल सिंह, पूर्व डिप्टी CM कविंद्र गुप्ता और जम्मू-कश्मीर के पार्टी अध्यक्ष रविंद्र रैना का नाम नहीं था। कुछ देर बाद यह लिस्ट डिलीट कर दी गई। उसके बाद जम्मू-कश्मीर के मीडिया प्रभारी सज्जाद ने दैनिक भास्कर को बताया- 44 उम्मीदवारों की सूची टाइपिंग एरर के कारण रद्द की गई है।

जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों के लिए 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 3 चरणों में मतदान होंगे। नतीजे 4 अक्टूबर 2024 को आएंगे। जीत के लिए बहुमत का आंकड़ा 46 है।