लोकतांत्रिक दल नहीं, गांधी-नेहरू परिवार की निजी कंपनी है कांग्रेस : श्री अमित शाह

0
146

सिंगरौली/उमरिया/चुरहट। कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं है। यह गांधी-नेहरू परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है। इसीलिए पार्टी का जो भी सेनापति होता है, वह गांधी-नेहरू परिवार से ही होता है। यह बात रविवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने प्रदेश के सिंगरौली, उमरिया और चुरहट में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को 28 तारीख को भारतीय जनता पार्टी को वोट देने और प्रचंड जीत दिलाकर चौथी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प भी दिलाया।

भाजपा में गरीब कार्यकर्ता भी बन सकता है अध्यक्ष

                राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने सीधी जिले के चुरहट में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 28 तारीख को मतदान है और जनता तय करेगी कि किसकी सरकार बनना है। चुनाव में दो खेमे हैं। एक तरफ भाजपा है, जो मोदी जी और शिवराज जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। दूसरी तरफ कांग्रेस है, जिसका कोई नेता और नीति नहीं है। मध्यप्रदेश क्या, किसी भी प्रांत में कांग्रेस का नेता तय नहीं है। श्री शाह ने कहा कि इसकी वजह यह है कि कांग्रेस में वही सेनापति होता है, जो गांधी-नेहरू परिवार में जन्म लेता है। कुछ दिन पहले जब प्रधानमंत्री मोदी जी ने यही बात कही, तो बहुत से कांग्रेसी टूट पड़े। बताने लगे इसे बनाया अध्यक्ष, उसे बनाया अध्यक्ष। लेकिन जब से इंदिरा गांधी ने कांग्रेस से अलग होकर इंदिरा कांग्रेस बनाई, नेहरू-गांधी परिवार से बाहर का कोई नेता अध्यक्ष नहीं बना। श्री शाह ने कहा कि मजबूरी में अगर किसी को अध्यक्ष बनाया भी गया, तो उसके साथ पार्टी का व्यवहार ठीक नहीं रहा। स्व. नरसिम्हाराव जी की पार्थिव देह को दिल्ली के कांग्रेस कार्यालय में नहीं लाया गया। वहीं, एक समय अध्यक्ष रहे बुजुर्ग सीताराम केसरी को बंगले से धक्के मारकर निकाला गया। श्री शाह ने कहा कि सोनिया ने जब अध्यक्ष पद छोड़ा, तब सब को पता था कि राहुल गांधी अध्यक्ष होंगे। लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि मेरे बाद भाजपा अध्यक्ष कौन होगा। उन्होंने कहा कि हमारे यहां एक परिवार से नेता नहीं आते। कोई भी गरीब जिसमें दमखम और देश सेवा की भावना है, अध्यक्ष बन सकता है। इसलिए गरीब चाय बेचने वाले के परिवार के नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री हैं। मेरे जैसा पोस्टर चिपकाने वाला छोटा सा कार्यकर्ता अध्यक्ष बन जाता है। श्री शाह ने कहा कि राहुल बाबा, यही लोकतंत्र है और भाजपा-कांग्रेस में यही अंतर है।

भाजपा के 15 सालों में हुआ 55 साल से ज्यादा काम

                श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब तक बंटाढार की सरकार रही, कभी 2 घंटे बिजली मिलती थी, तो कभी 4 घंटे। शिवराज जी मुख्यमंत्री बने, तो उन्होंने हर गांव में24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया। श्री शाह ने कहा कि दिग्गी राजा की सरकार में किसानों से गेंहू-धान नहीं खरीदे जाते थे। शिवराज सरकार ने किसानों से एक-एक दाना बोनस के साथ खरीदा। कांग्रेस किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर लोन देती थी। जबकि शिवराजसिंह की सरकार ने देश में पहली बार ब्याज दर को कम करके शून्य प्रतिशत पर ला दिया। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस अपने 55 सालों के शासन में जो काम नहीं किए, वो काम भाजपा की सरकार ने 15 सालों में कर दिए। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश में 7.5 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, भाजपा सरकार ने 40 लाख हेक्टेयर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई। नर्मदा और क्षिप्रा को जोड़ने का काम किया। प्रदेश में पहले 5 मेडिकल कॉलेज थे, अब 18 हैं। कांग्रेस के समय प्रदेश का बजट 21 हजार करोड़ का था, अब भाजपा की सरकार का 185554 करोड़ का होता है। श्री शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने भी प्रदेश के लिए काफी कुछ किया है। कांग्रेस की सरकार के समय प्रदेश को 134190 करोड़ मिलते थे, नरेंद्र मोदी की सरकार ने मध्यप्रदेश को344126 करोड़ दिया, जो कांग्रेस सरकार से दो लाख करोड़ ज्यादा है।

झूठे वादे करती है कांगेस, भाजपा देती है समाधान

                राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह ने उमरिया की सभा में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस क्या विकास करेगी, उसका रिकॉर्ड ही विकास का नहीं रहा। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस का रिकॉर्ड भ्रष्टाचार का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठे वादे करने वाली, झूठ बोलने वाली पार्टी है। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों का एटीएम है। जिस तरह एटीएम में कॉर्ड डालने पर नोट निकल आते हैं, वैसे ही कांग्रेस के एक एटीएम में कोई भी सवाल डालो, एक झूठा वादा निकल आता है। भाजपा की सरकारें इसके उलट हैं। भाजपा की सरकारों में कोई भी समस्या डालो, उस समस्या का समाधान निकल आता है।

मोदी ने देश का मान बढ़ाया, शिवराज ने विकास किया

                श्री शाह ने कहा कि कमलनाथ पूछते हैं कि मोदी ने 4.5 साल के शासन में क्या किया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ जी आपको जवाब देने की जरूरत नहीं है। हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। जब हम चुनाव में जाते हैं, पल पल और पाई पाई का हिसाब लेकर जाते हैं। श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश के विभिन्न वर्गों के लिए 129 योजनाएं शुरू की हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मोदी सरकार ने देश को सुरक्षित करने का काम किया है। कांग्रेस की मनमोहन सरकार के समय पाकिस्तानी आतंकी आते थे और हमारे जवानों को मारकर वापस पाकिस्तान में घुस आते थे। उड़ी में जवानों पर हमला हुआ। प्रधानमंत्री मोदी जी ने आदेश दिया और हमारी सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करके हमारे जवानों की हत्या का बदला लिया। श्री शाह ने कहा कि इससे पहले सिर्फ दो ही देश अमेरिका और इजराइल ही सर्जिकल स्ट्राइक करके अपने जवानों की मौतों का बदला लेते थे। प्रधानमंत्री ने इस सूची में तीसरा नाम भारत का भी जोड़ दिया। श्री शाह ने कहा कि मोदी जी ने दुनिया में भारत को सम्मान बढ़ाने का काम किया है। इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने विकसित मध्यप्रदेश बनाने का काम किया है और अब वे समृद्ध मध्यप्रदेश बनाना चाहते हैं। श्री शाह ने सभा में उपस्थित लोगों को समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प भी दिलाया। चुरहट की सभा में सीधी के जिला भाजपा अध्यक्ष, चारों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी शरदेंदु तिवारी, केदारनाथ शुक्ला शिवबहादुर सिंह कुंवरसिंह टेकाम सहित अनेक नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।

 

 

तपस्या और परिश्रम की परंपरा को शिवराज जी ने आगे बढ़ाया : सुश्री उमा भारती

कांग्रेस के नेता गरीबों के लिए कभी सड़कों पर नहीं उतरे

केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने प्रत्याशियों के समर्थन की जनसभाएं

                भोपाल। 2003 के पहले मध्यप्रदेश सड़क, पानी, बिजली सहित हर सूचकांक में नीचे दिखायी देता था। मैंने बड़ी तपस्या से 2003 में प्रदेश में सरकार बनायी। मेरी तपस्या से बनी सरकार को शिवराज जी ने तपस्या से ही आगे चलाया है और उसी का परिणाम है कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी लगातार सरकार में रही है। यह बात केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती ने रविवार को लहार में पार्टी प्रत्याशी श्री रसाल सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा में कही।

                सुश्री उमा भारती ने रविवार को लहार, दतिया, निवाड़ी, जतारा पहुंचकर पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं में भाग लिया। लहार में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2003 में मध्यप्रदेश के विकास के मुद्दे पर हमने सरकार बनायी। 2003 के समय कांग्रेस के शासनकाल में सड़कें खराब थी। जनता को बिजली नहीं मिलती थी। लॉ एंड आर्डर खराब था। प्रदेश में रोजगार नहीं था। हमने 2003 के चुनाव में विकास का एजेंडा लिया, गरीबों को रोटी और रोजगार, महिलाओं के सम्मान का एजेंडा लिया और मुझे यह कहते हुए खुशी होती है कि इन 15 वर्षों में इन सभी बातों को पूरा करने का काम किया है। सुश्री भारती ने कहा कि महिलाओं पर कोई गलत नजर डालता है तो उसको कठोरतम दंड देना चाहिए और इस दिशा में पूरी दुनिया में मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार ने बलात्कारी को फांसी की सजा सुनाने का प्रावधान कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कांग्रेस नेता बताए कि गरीबों के लिए कितनी लाठियां खाई

                सुश्री उमा भारती ने कहा कि लोकतंत्र में सत्तापक्ष की जिम्मेदारी के साथ विपक्ष की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है, लेकिन यह दुर्भाग्य है कि देश में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल साबित हुई है। विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाए गालियां देना, झूठी तोहमतें लगाना और अपमान करना सीखा है। यही हाल मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेताओं का है। कांग्रेस नेता गरीब जनता के लिए कभी सड़कों पर नहीं उतरे, जबकि सरकार में आने से पहले हमनें लगातार संघर्ष किया, पुलिस की लाठियां खाई और न जाने कितने केस भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लगातार संघर्ष किया तब जाकर 2003 में सरकार बनी। यह सरकार बलिदानों की श्रृंखला पर बनी सरकार है।

राम हमारे लिए चुनाव नहीं, जीवन मरण का मुद्दा नहीं

                लहार की जनसभा में उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगाता है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राम चुनावी मुद्दा है लेकिन मैं उन्हें मंच से जवाब देती हूं कि तिरंगा, गंगा और राम हमारे लिए चुनाव का मुद्दा नहीं है। हम सड़क, पानी और बिजली के मुद्दे पर चुनाव लडते हैं। राम हमारे लिए जीवन मरण का मुद्दा है। राम हमारे लिए आन-बान-शान और देश की पहचान है। उन्होंने सभा में अपील करते हुए कहा कि पार्टी के प्रत्याशी श्री रसाल सिंह, सेवा भावी और योग्य प्रत्याशी है। उनमें जनता की सेवा करने की ललक है। उनकी जीत से इस क्षेत्र में विकास की गंगा बहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता दृढ़ निश्चय के साथ मतदाताओं तक पहुंचे और 28नवंबर को कमल का बटन दबाने की अपील करें।

                इस अवसर पर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्री राजेंद्रप्रकाश सिंह चौहान, पूर्व विधायक श्री मथुराप्रसाद महंत, श्री कोकसिंह नरवरिया, श्री मायाराम शर्मा, श्री मलखान सिंह दद्दा, श्री नन्दराम बघेल, श्री निर्पेन्द्र सिंह जूदेव, श्री रामकुमार महते सहित बडी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित था।

वाइब्रैंट इलेक्शन कैंपेन में उतरी भाजपा

19 को भोपाल में रोड शो करेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाहः रजनीश अग्रवाल

       भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर वाइब्रेंट इलेक्शन कैंपेन कर रहें है। उसी के तहत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह 19 नवंबर को प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान श्री शाह कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। शाम को श्री अमित शाह भोपाल उत्तर विधानसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती फातिमा रसूल सिद्धिकी के समर्थन में रोड शो करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रमों की जानकारी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने रविवार को मीडिया को दी।

       भारतीय जनता पार्टी के प्रचार अभियान से कांग्रेस की सांसे उखड़ चुकी है। उनके अभेद गढ़ों की चूल्हे हिल चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह के दौरा कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने बताया कि 19 नवंबर को श्री शाह मैहर से हेलीकॉप्टर द्वारा 12.40 बजे जनपद मैदान नरसिंहपुर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। नरसिंहपुर से 2.10 बजे बैतूल पहुंचकर स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। बैतूल से 4 बजे डाक बंगला मैदान खातेगांव जिला देवास पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। श्री अग्रवाल ने बताया कि श्री शाह शाम 5 बजे भोपाल पहुंचेंगे। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष भोपाल उत्तर विधानसभा के भवानी चौक सोमवारा से भारत टाकीज तक एक रोड शो भी करेंगे।