भाजपा ने जारी किया दृष्टि पत्र, सवर्णों को साधने के इंतजाम, महिलाओं के लिए अलग संकल्प पत्र

0
660

भोपाल | मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। समृद्ध मध्य प्रदेश दृष्टि पत्र के नाम से इस घोषणा पत्र को जारी किया गया। इसमें मध्यप्रदेश में सवर्णों को साधने के इंतजाम विशेष तौर पर किए गए। सामान्य गरीब बच्चे को पहली से पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा का वादा है, तो शिक्षा से लेकर रोजगार तक के लिए विशेष योजना लाने की बात कही गई है। इतना ही नहीं भाजपा ने मध्य प्रदेश के कृषि उत्पादों और औद्योगिक उत्पादों के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष बंदरगाह की सुविधा का भी वादा किया गया है। इसके लिए समुद्र किनारे जमीन लेकर मध्य प्रदेश समृद्धि पोर्ट बनाने का वादा है।

शनिवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह ने इस घोषणा पत्र को जारी किया। भाजपा के घोषणा पत्र में सड़कों के लिए अटल समृद्धि माला, उद्योग व किसानों के लिए विशेष कॉरीडोर और किसान समृद्धि कॉरीडोर बनाने का दावा किया गया है। इसके अलावा प्रत्येक घर में हर हाथ एक काजू योजना बुलाने की बात कही है।

महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र

भाजपा ने इस बार महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र जारी किया है। नारी शक्ति संकल्प पत्र के नाम से इसमें महिलाओं को फोकस करके वादे किए गए हैं। इसमें महिलाओं के शिक्षा स्वास्थ्य से लेकर आर्थिक मजबूती तक के लिए विजन डॉक्युमेंट दिया गया है। पुलिस थानों में महिला सुविधा अधिकारी की नियुक्ति, पुलिस में पहले महिलाओं के पदों को भरने और सभी पुलिस थानों में यौन अत्याचार फॉरेंसिक परीक्षण किट उपलब्ध कराने का वादा है। महिलाओं के लिए नए स्टार्टअप लाने, 10 नए महिला ग्रामीण बीपीओ स्थापित करने, डेयरी उद्योग में महिलाओं को प्राथमिकता देने और रोजगार और स्वरोजगार में भी विशेष इंतजाम करने के दावे घोषणा पत्र में है।