LoC के पास भारत-पाकिस्तान के बीच आज फ्लैग मीटिंग:2021 में आखिरी बार हुई थी, पिछले एक महीने से सीमा पर 5 घटनाएं

0
2

जम्मू-कश्मीर में LoC (नियंत्रण रेखा) पर तनाव के बीच भारत और पाकिस्तान के बीच पुंछ सेक्टर में आज फ्लैग मीटिंग होगी। पिछले चार सालों में दोनों देशों के बीच इस तरह की पहली मीटिंग होगी। आखिरी बार 2021 में फ्लैग मीटिंग हुई थी।

जम्मू और कश्मीर में पिछले कई हफ्तों से LoC पर तनाव बना हुआ है। सेना ने 4 फरवरी को 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। वहीं 13 फरवरी को भी पाकिस्तान सैनिकों के सीजफायर तोड़ने की खबर आई थी। सेना ने बाद में इसका खंडन किया था।

16 फरवरी 2025: जम्मू-कश्मीर में LoC पर स्नाइपर फायरिंग, एक भारतीय जवान घायल

जम्मू-कश्मीर में LoC पर 16 फरवरी को पुंछ सेक्टर में स्नाइपर फायरिंग हुई जहां एक भारतीय जवान घायल हो गया। इस घटना के बाद भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच कुछ देर तक गोलीबारी भी हुई।

13 फरवरी 2025: पाकिस्तान की ओर से फायरिंग की खबर, सेना ने खंडन किया

13 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में गोलीबारी की खबर आई थी। सोशल मीडिया पर भी पाकिस्तानी अधिकारियों का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे अपने सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दिखाई दिए थे। कुछ रिपोर्ट्स में 6 लोगों के मारे जाने की बात कही गई। हालांकि भारतीय सेना ने कहा था कि, पाकिस्तान बॉर्डर पर युद्धविराम लागू है।

11 फरवरी 2025: LoC के पास IED ब्लास्ट, 2 जवान शहीद, एक घायल

जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में LoC के पास लालोली इलाके में IED ब्लास्ट हुआ। इसमें सेना के दो सैनिक शहीद हो गए थे।यह धमाका 11 फरवरी को करीब 3:50 बजे भट्टल इलाके में हुआ, जब सेना के जवान गश्त पर थे। सेना से जुड़े सूत्रों ने दावा किया था कि शहीद हुए फौजियों के नाम कैप्टन केएस बख्शी और मुकेश थे।

भारतीय सेना ने 7 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया था। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि घटना 4 फरवरी की रात पुंछ जिले में कृष्णा घाटी के पास हुई थी जब LoC के पास घुसपैठ की कोशिश की गई। सूत्रों का दावा था कि भारतीय सेना की फॉरवर्ड पोस्ट पर हमले की प्लानिंग थी।

14 जनवरी 2025: LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट, 6 जवान घायल

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 14 जनवरी को LoC के पास लैंडमाइन ब्लास्ट में गोरखा राइफल्स के 6 जवान घायल हो गए थे। ब्लास्ट भवानी सेक्टर के मकरी इलाके में हुआ था। जवानों की एक टुकड़ी खंबा किले के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। उसी दौरान एक जवान का पैर गलती से सेना की बिछाई लैंड माइन पर पड़ गया।