मप्र में दूसरे चरण में भाजपा ने डेढ़ करोड़ सदस्य बनाए, सदस्यता लक्ष्य प्राप्त करने वाला चौथा राज्य बना

0
3

भोपाल। भाजपा के संगठन पर्व के पहले चरण में मध्य प्रदेश में एक करोड़ सदस्यों का आंकड़ा पार किया था, सदस्यता अभियान के दूसरे चरण के अंतिम दिन हमने सदस्यता का लक्ष्य पार कर लिया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत, लगन और माइक्रो प्लानिंग के बल पर डेढ़ करोड़ का लक्ष्य पार करते हुए एक करोड़ 50 लाख, 28 हजार 107 सदस्य बनाकर नया इतिहास रच दिया है। इसके लिए मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताता हूं। यह बात बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही। भाजपा के सदस्यता अभियान में मप्र चौथा राज्य है, जिसने 1.5 करोड़ से ज्यादा सदस्य बनाए हैं।

अब सक्रिय सदस्यता पर जोर

उन्होंने कहा कि बुधवार से सक्रिय सदस्यता का अभियान शुरू हो गया है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 प्राथमिक सदस्य बनाना आवश्यक है। मध्य प्रदेश भाजपा सक्रिय सदस्यता में भी रिकॉर्ड बनाएगी।

कांग्रेस को दी नसीहत

शर्मा ने कहा कि झूठ, छल-कपट की राजनीति करने वाले कांग्रेस नेताओं को यह समझना होगा कि सिर्फ झूठ परोसना ही राजनीति नहीं होती। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए डेढ़ करोड़ से अधिक सदस्य बनाए हैं। मध्य प्रदेश में 41 लाख कार्यकर्ताओं में से तीन लाख कार्यकर्ता पूरी तरह से सदस्यता अभियान में जुटे हुए हैं। दूसरे चरण के अंतिम दिन भी 11 लाख से अधिक सदस्य बनाए हैं।
सदस्यता का लक्ष्य प्राप्त करने पर पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मध्य प्रदेश भाजपा संगठन को एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी और लिखा कि मध्य प्रदेश देश का चौथा स्टेट है, जो सदस्यता के अपने लक्ष्य को समय पर प्राप्त कर लिया है।

सदस्यता में पिछड़ी विधानसभाओं को प्राथमिक सदस्य बनाने और समय दिया

शर्मा ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता का आंकड़ा निर्धारित लक्ष्य से कम है, उन्हें प्राथमिक सदस्य बनाने के लिए और समय दिया है। इंदौर सहित कई जिलों और संभागों में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। सदस्यता अभियान के पहले दिन मप्र में 23 हजार ऑफलाइन फार्म भरे गए थे। संगठन पर्व, सदस्यता अभियान के दूसरे चरण की समाप्ति तक प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर एक करोड़ 22 लाख, 74 हजार 300 सदस्यों ने आनलाइन डिजिटल फॉर्म भरा है। इस मामले में मध्य प्रदेश देश के अन्य राज्यों में अग्रणी रहा है, लेकिन कई अंचल ऐसे भी हैं, जहां सही तरीके से मोबाइल और इंटरनेट नेटवर्क नहीं मिल पाता। वहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर ऑफलाइन सदस्य बनाए।

मुख्यमंत्री ने दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा मध्य प्रदेश को डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया था, जिसे हमारे कार्यकर्ताओं ने निर्धारित समय में प्राप्त कर लिया। सदस्यता अभियान के इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय सहित सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को मैं बधाई देता हूं।