पेंशन के लिए प्रेम जाल में फंसाया, फिर मार डाला:प्रेमी के साथ मिलकर पहचान छिपाने जलाया शव

0
7

महिला ने पेंशन की खातिर 65 साल के रिटायर्ड रेलवे अफसर को प्यार के जाल में फंसाया। जब उसने साथ रहने का दबाव बनाया तो प्रेमी के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव जला दिया। पुलिस ने 100 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तब कहीं जाकर क्लू मिल सका।

मामला 7 अक्टूबर को निवाड़ी के ओरछा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

अधजले आधार कार्ड से शव की पहचान

एसपी नरवरिया ने बताया- 7 अक्टूबर 2024 को वनगाय हाइवे पर चौकी चकरपुर क्षेत्र में अधजली लाश मिली। ओरछा थाना प्रभारी जगत पाल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद कन्फर्म हो गया कि बुजुर्ग की हत्या कर पहचान छिपाने के लिए शव जलाया गया है।

तलाशी के दौरान मृतक की जेब से अधजला आधार कार्ड और मोबाइल मिला। इसके आधार पर मृतक की पहचान घनश्याम कुशवाह (65) पिता डरू कुशवाह निवासी पलरा गांव, झांसी के रूप में हुई। पुलिस ने परिजन को सूचना दी। परिजन ने बताया कि घनश्याम रेल विभाग में नौकरी करके रिटायर्ड हो चुका था। 7 अक्टूबर को वह बाइक लेकर घर से निकला था, इसके बाद नहीं लौटा।

एसपी नरवरिया ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया था।

100 सीसीटीवी फुटेज देखे, तब मिला सुराग

पुलिस ने पलरा गांव में घनश्याम के घर से लेकर झांसी तक करीब 100 सीसीटीवी फुटेज देखे। एक फुटेज में युवक और महिला बाइक पर जाते दिखे। परिजन ने बाइक को पहचान लिया। बाइक घनश्याम की थी। उन्होंने बताया कि बाइक पर बैठी महिला सोनिया (35) जबकि युवक रोहित चौधरी (40) निवासी आगरा है। इसके बाद दो अलग-अलग टीमें झांसी और आगरा के लिए रवाना हुईं। यहां जाल बिछाकर दोनों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।

पैसाें के लिए किया था बुजुर्ग से प्यार

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। सोनिया ने पुलिस को बताया कि वह आगरा में रोहित चौधरी के मकान में किराए से रहती थी। यहीं उसे रोहित से प्यार हो गया। वह आगरा और झांसी आती-जाती रहती थी।

झांसी में घनश्याम के बेटे से सोनिया की पहचान थी इसलिए उसका घर आना-जाना भी था। इसी दौरान घनश्याम से दोस्ती हो गई। घनश्याम 2021 में रेलवे से रिटायर्ड हुआ था। 20 हजार रुपए पेंशन भी मिलती थी। इसी के लालच में सोनिया ने घनश्याम को प्रेम जाल में फंसा लिया।

साथ रहने का दबाव बनाया, तो मार डाला

सोनिया ने बताया कि करीब एक साल तक दोनों के बीच संबंध रहे। इस बीच रोहित और घनश्याम दोनों सोनिया पर अपने साथ रहने का दबाव बनाने लगे। सोनिया असमंजस में फंस गई। आखिर में उसने रोहित के साथ मिलकर घनश्याम को रास्ते से हटाने की ठान ली।

दोनों ने साजिश रची। प्लान के तहत घनश्याम को उसी की बाइक से झांसी की तरफ सुनसान जगह लेकर आए। यहां बनगाय में कच्चे रास्ते पर रोहित ने घनश्याम के सिर में लोहे का सरिया मार दिया। इससे वह बेहोश हो गया। कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पहचान छिपाने के लिए सोनिया और रोहित ने केरोसिन डालकर जला दिया। इसके बाद बाइक लेकर भाग निकले।