10 वर्ष में दूसरी बार अप्रैल में 40.8 पर थमकर रह गया पारा, जानिए इस हफ्ते भोपाल में कैसा रहेगा मौसम

0
13

भोपाल। वातावरण में नमी रहने के कारण इस बार अप्रैल में गर्मी के तेवर ठंडे ही रहे। इस वर्ष अप्रैल माह में 29 अप्रैल को राजधानी में सबसे अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जो इस सीजन में भी दिन का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके पहले वर्ष-2020 में 21 अप्रैल को अप्रैल माह का सबसे अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस मई माह के पहले सप्ताह में भी गर्मी के तेवर नर्म ही रहने के आसार है। छह-सात मई के आसपास राजधानी में बादल छा सकते हैं। साथ ही छिटपुट वर्षा भी हो सकती है।

मौसम प्रणालियों का असर

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस वर्ष मार्च के बाद अप्रैल माह की शुरुआत से उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के आने का सिलसिला बना रहा। उनके प्रभाव से प्रेरित एवं प्रति चक्रवात भी बनते रहे। अरब सागर एवं बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण बादल बने रहे। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के पश्चिमी एवं पूर्वी क्षेत्र में रुक-रुककर वर्षा होती रही। इस वजह से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी नहीं हो सकी है।

यहां सक्रिय हैं वेदर सिस्टम

वर्तमान में भी एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से तापमान में अधिक बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है। तीन मई को भी एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में आने के संकेत मिले हैं। उसके प्रभाव से चार-पांच मई को बादल छा सकते हैं। छह-सात मई को राजधानी सहित कई शहरों में हल्की वर्षा भी हो सकती है। इस वजह से मई के पहले सप्ताह में भी दिन के तापमान में अधिक बढ़ोतरी होने के आसार कम ही हैं।

पिछले 10 वर्ष में भोपाल में अप्रैल में दर्ज सर्वाधिक तापमान

वर्ष — तारीख — तापमान
2014 — 27,30 — 42.1
2015 — 20 — 42.5
2016 — 30 — 42.7
2017 — 18 — 42.7
2018 — 29 — 42.8
2019 — 30 — 43.7
2020 — 21 — 40.8
2021 — 10 — 42.8
2022 — 30 — 43.3
2023 — 17,18 — 40.9
2024 — 29 — 40.8

पिछले 10 वर्ष में मई में दर्ज सर्वाधिक तापमान

वर्ष — तारीख — तापमान
2014 — 31 — 44.5
2015 — 20 — 45.0
2016 — 21 — 46.7
2017 — 28 — 45.1
2018 — 28,30 — 45.3
2019 — 30 — 44.2
2020 — 26 — 44.5
2021 — 07 — 42.8
2022 — 14 — 45.1
2023 — 14 — 43.4