मुख्यमंत्री ने कहा-इतिहास गवाह, विकास योजनाओं को लटकाती है कांग्रेस

0
186

सतना/पन्ना। हमारी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता उठा रही है। संबल जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की, जो गरीबों की जिंदगी बदल रही है। लेकिन कांग्रेस की प्रवृत्ति ही विकास विरोधी रही है। केंद्र में स्व. अटलजी की सरकार ने स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी देश की तकदीर बदलने वाली कई योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन मनमोहनसिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनते ही, इस परियोजना को रोक दिया गया। हम एक बीमारू प्रदेश को समृद्ध बनाने के रास्ते पर बढ़ रहे हैं, ऐसे में प्रदेश की जनता कभी यह नहीं चाहेगी कि कांग्रेस जैसी विकास विरोधी पार्टी को प्रदेश की तकदीर बदलने वाली इस विकास प्रक्रिया में रोड़े अटकाने का अवसर मिले। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा के मझगंवा में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र गहरवार, सतना में शंकरलाल तिवारी, रैगांव प्रत्याशी जुगलकिशोर बागरी, रामपुर बाघेलान प्रत्याशी विक्रम सिंह, मैहर प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पन्ना जिले की विधानसभा के अजयगढ़ में प्रत्याशी बृजेंद्र प्रताप सिंह, पवई प्रत्याशी प्रहलाद लोधी और गुन्नौर प्रत्याशी राजेश वर्मा के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित किया।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य हमने करवाएं हैं, प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर पहले विकासशील फिर विकसित हमने बनाया है। कांग्रेस का मध्यप्रदेश में 54 वर्षों तक शासन रहा, लेकिन इनके शासनकाल में इन्होंने मध्यप्रदेश का विकास तो नहीं किया, पूरी तरह से प्रदेश का विनाश कर दिया। कांग्रेस के विधायक अब भी हमारे विकास कार्यों का श्रेय खुद लेने में लगे हुए हैं। सतना जिले की विधानसभाओं में भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के लिए खूब धनराशि दी गई। इनके विधायक हमारे पास कभी नहीं गए कि हमें भी विकास कार्यों के लिए कुछ दो। कांग्रेस के विधायकों की इच्छाशक्ति विकास के कार्यों को करवाने की नहीं है। वे तो उसी मानसिकता से आज भी चल रहे हैं जिस मानसिकता से 15 साल पहले चला करते थे। कांग्रेस को अपनी चिंता ज्यादा रहती है उन्हें जनता की चिंता बिल्कुल भी नहीं रहती।

हम जाति-धर्म की नहीं, विकास की बातें करते हैं

                मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा से सबका साथ-सबका विकास की बातें करती हैं। हमने कभी भी जाति, धर्म की राजनीति नहीं की। हमारा लक्ष्य हमेशा से प्रदेश का विकास हो, इस पर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म, संप्रदाय के आधार पर राजनीति कर रही है। वह हिन्दू और मुसलमानों को जातियों के आधार पर बांटकर राजनीति करना चाह रही है, लेकिन मध्यप्रदेश में यह हम बिल्कुल भी नहीं होने देंगे।

पानी की समस्या को खत्म किया है

                मुख्यमंत्री ने कहा है कि चित्रकूट क्षेत्र में पानी की समस्या रही है, लेकिन भाजपा की सरकार ने इस समस्या को समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि यहां पर कुरियन बांध, सिंद्रा बांध, रामसागर बांध सहित अन्य बांधों का निर्माण कराया है। इन बांधों से यहां की लाखों एकड़ जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

चित्रकूट के राजा भाजपा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में शुक्रवार को चित्रकूट के राजा प्रबल श्रीवास्तव अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्हें मुख्यमंत्री ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। वे भाजपा की रीति-नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।

शोक संवेदना भी व्यक्त की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट विधानसभा की मझगंवा में आयोजित सभा से पहले गुरूवार को स्कूली बच्चों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की है। चित्रकूट विधानसभा के गुड़वा गांव के पास एक बस और जीप की टक्कर में 6 बच्चों की मौत हो गई थी। इस मौके पर सतना सांसद गणेश सिंह, जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, ममता पांडेय, रत्नाकर चतुर्वेदी, देवेंद्र तिवारी, अंजूसिंह बघेल, विमला पांडे, विनोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।