भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा-प्रदेश को आगे ले जाएगा मोदी-शिवराज का डबल इंजन

0
120

जबलपुर। कमलनाथ की उम्र ज्यादा हो गई है, इसलिए अब उनकी याददाश्त भी कमजोर हो चली है। वे भूल गए हैं कि उनकी यूपीए सरकार ने प्रदेश के साथ कितना अन्याय किया था। केंद्र में मोदी जी की सरकार बनने के बाद प्रदेश का उसका हक मिलना चालू हुआ है। आप भाजपा को आशीर्वाद दीजिए, मोदी और शिवराज का डंबल इंजन प्रदेश को तेजी से आगे ले जाएगा। यह बात शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जबलपुर जिले के सिहोरा में सभा को संबोधित करते हुए कही।

      श्री शाह ने कहा कि ये मां नर्मदा की भूमि है, जिसके दर्शन मात्र से सारे पाप धुल जाते हैं। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा का प्रवाह मां भारती की संस्कृति और इतिहास का प्रवाह है, इसलिए जबलपुर को संस्कारधानी कहा जाता है। यह वही भूमि है जहां रानी दुर्गावती के वंशजों शंकरशाह और रघुनाथशाह ने अंग्रेजों के दांत खट्टे कर दिए थे।

बंटाढार के मध्यप्रदेश को याद रखिए

      श्री शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपसे 11 दिसंबर की बात करने आया हूं। 11 दिसंबर को क्या होने वाला है, क्या आप सुनोगे। उन्होंने कहा कि 11 दिसंबर को 5 राज्यों के चुनाव की गिनती है। सुबह 8 बजे गिनती शुरू होगी और दोपहर 12 बजे तक सभी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें बन जाएंगी। श्री शाह ने कहा कि सवाल सरकार बनाने का नहीं है, सरकार ऐसी बनाएं कि विरोधियों के दिल धड़कना बंद कर दें। उन्होंने कहा कि आपके वोट मांगने का हमें अधिकार है। आपसे प्रार्थना है कि एक बार श्रीमान बंटाढार के मध्यप्रदेश को याद करिए। कहीं सड़क का नमों निशान नहीं, सिर्फ 7.5लाख हेक्टेयर में सिंचाई,  किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज, समर्थन मूल्य पर गेंहू,  धान, सोयाबीन की खरीदी नहीं होती थी। श्री शाह ने कहा कि अब आपके बच्चे रात में तीन बजे तक पढ़ाई करते हैं, पहले कर पाते थे क्या? बिजली ही नहीं रहती थी।

मोदी-शिवराज की जोड़ी मणिकंचन योग

      श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता मुझसे पूछते हैं कि मोदी जी ने मध्यप्रदेश के लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बालाघाट-जबलपुर बड़ी रेलवे लाइन बनवाने का काम किया है। आदिवासियों के लिए बजट में कई गुना वृद्धि की है। श्री शाह ने कहा कि कमलनाथ जी उम्र बढ़ने से आपको याद नहीं है, जब आप केंद्र में मंत्री थे, आपकी सरकार मध्यप्रदेश को कितने पैसे देती थी। 13 वें वित्त आयोग ने मध्यप्रदेश को 124190 करोड़ रुपए दिए थे। मोदी जी की सरकार आई और 14 वें वित्त आयोग ने मध्यप्रदेश को 3, 44000 करोड़ देने का काम भाजपा सरकार ने किया, जो आपके जमाने से 2 लाख हजार करोड़ ज्यादा है। इसके अलावा मोदी सरकार 129 योजनाएं लेकर आई हैं। श्री शाह ने कहा कि मोदी-शिवराज ने मिलकर मध्यप्रदेश का कायाकल्प किया है। इन दोनों की जोड़ी मणिकंचन योग है और यह योग बार-बार नहीं बनता।

किसी की हिम्मत नहीं, जो देश की तरफ आंख उठाकर देखे

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में पाकिस्तान से कोई भी आतंकी घुस आता था और जवानों पर हमला करके वापस लौट जाता था। उड़ी में पाकिस्तानी आतंकियों ने हमारे 12 जवानों को जिंदा जला दिया। लेकिन तब मोदी सरकार थी। मोदी जी ने आदेश दिया और हमारे जवान पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करके अपने जवानों की शहादत का बदला लेकर आ गए। इससे पहले दुनिया में दो ही देश अमेरिका और इजराइल थे, जो सर्जिकल स्ट्राइक से जवानों की मौत का बदला लेते थे। मोदी जी ने महान भारत का नाम भी इन देशों में जोड़ दिया। श्री शाह ने कहा कि अब किसी की हिम्मत नहीं है कि भारत की तरफ आंख उठाकर देखे। चीन ने डोकलाम में हिम्मत की थी, लेकिन मोदी जी की सरकार ने मौन रहते हुए उसे ऐसा जवाब दिया, कि चीन को डोकलाम से वापस जाना पड़ा।

अब कम समय में तेज विकास प्रदेश की पहचानः राकेश सिंह

      सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में जब हम अन्य प्रांतों में जाते थे, तो लोग मध्यप्रदेश को बीमारू कहते थे, जिसे सुनकर हमें शर्म आती थी। रोजगार नहीं, बिजली, पानी, सड़क नहीं। माता-बहनों का सम्मान नहीं। अब जब हम दूसरे राज्यों में जाते हैं, तो गर्व का अनुभव होता है। अन्य प्रदेशों के लोग कहते हैं कि मध्यप्रदेश से सीखो, कम समय में विकास कैसे किया जाता है। श्री सिंह ने कहा कि हमारा धर्म है कि ये प्रदेश गलत दिशा में न जाए। उसी दिशा में आगे जाए, जहां दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के नेतृत्व में विकास के रास्ते पर बढ़ रहा है। लेकिन ये तभी होगा, जब मध्यप्रदेश में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र कमल ही कमल खिले। सभा के दौरान जबलपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, सिहोरा की प्रत्याशी नंदिनी जी, पाटन प्रत्याशी अजय विश्नोई, बहोरीबंद प्रत्याशी प्रणय पांडे आदि उपस्थित थे।

सर्जिकल स्टाइक पर कांग्रेस को क्यों नहीं गर्व होना चाहिए : रक्षा मंत्री

                भोपाल। सर्जिकल स्ट्राइक हर भारतवासी के लिए गौरव की बात है सेना के जवानों द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक किया जाना क्या कांग्रेस के लिए गौरव का विषय नहीं होना चाहिए, जिस प्रकार से कांग्रेस लगातार हमारी सेना के पुरुषार्थ पर प्रश्न खड़े करती रही है, एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के लिए यह बहुत शर्म की बात है। वास्तव में कांग्रेस इस पर ओछी राजनीति कर रही है। यह कहना था एक प्रश्न के उत्तर में रक्षा मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का।

                भोपाल में भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने विकास कीर्तिमान स्थापित किये हैं।30-40 वर्षों तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन बीमारू कहे जाने वाले मध्यप्रदेश के लिए ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे प्रदेश बीमारू श्रेणी से बाहर आ सके। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनीं जब से लेकर अब तक की अर्थव्यवस्था को देखें तो कृषि के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में बडा बदलाव आया है। कृषि उन्नत हुई किसानों की दशा सुधरी है, औद्योगिक उत्पादन भी कई गुना अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सुनियोजित तरीके से मध्यप्रदेश का विकास किया है।

कृषि विकास दर का डबल डिजीट होना किसानों के लिए गौरव का विषय

                श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शासन काल में शहरों का विस्तारीकरण से रोजगार का सृजन हुए। मध्यप्रदेश में विकास के स्तर पर शिक्षा का स्तर बढ़ा है, स्वास्थ्य की सेवाएं बेहतर हुई हैं और  हर क्षेत्र में विस्तार होने से लोगों को व्यापक रोजगार मिला है। मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर सिंगल डिजीट होती थी पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरी ईमानदारी के साथ काम किया और मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर लगभग डबल डिजीट तक पहुंचाया। कृषि विकास दर का डबल डिजीट होना मध्यप्रदेश के किसानों के लिए गौरव का विषय है।

                वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय विषयों पर भी विस्तार से अपनी बात रखी साथ ही राफेल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राफेल मामले में कंफ्यूज हैं और वह जनता को भी गुमराह भी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अपने समय के रक्षा मंत्री रहे कांग्रेस नेता ए.के.अन्टोनी से खरीदी प्रक्रिया को समझ लेना चाहिए। राफेल की बेसिक प्राइस कांग्रेस के समय और हमारी सरकार के आने के समय क्या रही है, यह तो कम से कम राहुल गांधी को पता होना चाहिए, उन्होंने तो कोई अनुबंध नहीं किया, फिर वे क्या और कैसे इस बारे में अधिकारिक तौर पर बोल सकते हैं। वास्तव में राहुल को कुछ नहीं पता, वे गलत जानकारी देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

                उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास केंद्र और मध्यप्रदेश में कोई मुद्दा नहीं है जिसके आधार पर वह भाजपा का विरोध कर सके। मुद्दाविहीन कांग्रेस मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में उन्ही झूठे मुद्दों को दोहरा रही है जो वह हमेशा उठाती आई है। लेकिन जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है। इसलिए वह उसके झांसे में नहीं आने वाली है, यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।