सर्जिकल स्टाइक पर कांग्रेस को क्यों नहीं गर्व होना चाहिए : रक्षा मंत्री

0
164

भोपाल। सर्जिकल स्ट्राइक हर भारतवासी के लिए गौरव की बात है सेना के जवानों द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक किया जाना क्या कांग्रेस के लिए गौरव का विषय नहीं होना चाहिए, जिस प्रकार से कांग्रेस लगातार हमारी सेना के पुरुषार्थ पर प्रश्न खड़े करती रही है, एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी के लिए यह बहुत शर्म की बात है। वास्तव में कांग्रेस इस पर ओछी राजनीति कर रही है। यह कहना था एक प्रश्न के उत्तर में रक्षा मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का।

                भोपाल में भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने विकास कीर्तिमान स्थापित किये हैं।30-40 वर्षों तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन बीमारू कहे जाने वाले मध्यप्रदेश के लिए ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे प्रदेश बीमारू श्रेणी से बाहर आ सके। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद 2003 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनीं जब से लेकर अब तक की अर्थव्यवस्था को देखें तो कृषि के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में बडा बदलाव आया है। कृषि उन्नत हुई किसानों की दशा सुधरी है, औद्योगिक उत्पादन भी कई गुना अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सुनियोजित तरीके से मध्यप्रदेश का विकास किया है।

कृषि विकास दर का डबल डिजीट होना किसानों के लिए गौरव का विषय

                श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के शासन काल में शहरों का विस्तारीकरण से रोजगार का सृजन हुए। मध्यप्रदेश में विकास के स्तर पर शिक्षा का स्तर बढ़ा है, स्वास्थ्य की सेवाएं बेहतर हुई हैं और  हर क्षेत्र में विस्तार होने से लोगों को व्यापक रोजगार मिला है। मध्यप्रदेश में कृषि विकास दर सिंगल डिजीट होती थी पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरी ईमानदारी के साथ काम किया और मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर लगभग डबल डिजीट तक पहुंचाया। कृषि विकास दर का डबल डिजीट होना मध्यप्रदेश के किसानों के लिए गौरव का विषय है।

                वहीं, केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय विषयों पर भी विस्तार से अपनी बात रखी साथ ही राफेल को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी राफेल मामले में कंफ्यूज हैं और वह जनता को भी गुमराह भी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को अपने समय के रक्षा मंत्री रहे कांग्रेस नेता ए.के.अन्टोनी से खरीदी प्रक्रिया को समझ लेना चाहिए। राफेल की बेसिक प्राइस कांग्रेस के समय और हमारी सरकार के आने के समय क्या रही है, यह तो कम से कम राहुल गांधी को पता होना चाहिए, उन्होंने तो कोई अनुबंध नहीं किया, फिर वे क्या और कैसे इस बारे में अधिकारिक तौर पर बोल सकते हैं। वास्तव में राहुल को कुछ नहीं पता, वे गलत जानकारी देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

                उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास केंद्र और मध्यप्रदेश में कोई मुद्दा नहीं है जिसके आधार पर वह भाजपा का विरोध कर सके। मुद्दाविहीन कांग्रेस मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में उन्ही झूठे मुद्दों को दोहरा रही है जो वह हमेशा उठाती आई है। लेकिन जनता कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है। इसलिए वह उसके झांसे में नहीं आने वाली है, यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चौथी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा-इतिहास गवाहविकास योजनाओं को लटकाती है कांग्रेस

                सतना/पन्ना। हमारी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता उठा रही है। संबल जैसी महत्वाकांक्षी योजना शुरू की, जो गरीबों की जिंदगी बदल रही है। लेकिन कांग्रेस की प्रवृत्ति ही विकास विरोधी रही है। केंद्र में स्व. अटलजी की सरकार ने स्वर्णिम चतुर्भुज जैसी देश की तकदीर बदलने वाली कई योजनाएं शुरू की थीं, लेकिन मनमोहनसिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनते ही, इस परियोजना को रोक दिया गया। हम एक बीमारू प्रदेश को समृद्ध बनाने के रास्ते पर बढ़ रहे हैं, ऐसे में प्रदेश की जनता कभी यह नहीं चाहेगी कि कांग्रेस जैसी विकास विरोधी पार्टी को प्रदेश की तकदीर बदलने वाली इस विकास प्रक्रिया में रोड़े अटकाने का अवसर मिले। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा के मझगंवा में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र गहरवार, सतना में शंकरलाल तिवारी, रैगांव प्रत्याशी जुगलकिशोर बागरी, रामपुर बाघेलान प्रत्याशी विक्रम सिंह, मैहर प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पन्ना जिले की विधानसभा के अजयगढ़ में प्रत्याशी बृजेंद्र प्रताप सिंह, पवई प्रत्याशी प्रहलाद लोधी और गुन्नौर प्रत्याशी राजेश वर्मा के समर्थन में आयोजित सभाओं को संबोधित किया।

                मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य हमने करवाएं हैं, प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर पहले विकासशील फिर विकसित हमने बनाया है। कांग्रेस का मध्यप्रदेश में 54 वर्षों तक शासन रहा, लेकिन इनके शासनकाल में इन्होंने मध्यप्रदेश का विकास तो नहीं किया, पूरी तरह से प्रदेश का विनाश कर दिया। कांग्रेस के विधायक अब भी हमारे विकास कार्यों का श्रेय खुद लेने में लगे हुए हैं। सतना जिले की विधानसभाओं में भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के लिए खूब धनराशि दी गई। इनके विधायक हमारे पास कभी नहीं गए कि हमें भी विकास कार्यों के लिए कुछ दो। कांग्रेस के विधायकों की इच्छाशक्ति विकास के कार्यों को करवाने की नहीं है। वे तो उसी मानसिकता से आज भी चल रहे हैं जिस मानसिकता से 15 साल पहले चला करते थे। कांग्रेस को अपनी चिंता ज्यादा रहती है उन्हें जनता की चिंता बिल्कुल भी नहीं रहती।

हम जाति-धर्म की नहीं, विकास की बातें करते हैं

                मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा से सबका साथ-सबका विकास की बातें करती हैं। हमने कभी भी जाति, धर्म की राजनीति नहीं की। हमारा लक्ष्य हमेशा से प्रदेश का विकास हो, इस पर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म, संप्रदाय के आधार पर राजनीति कर रही है। वह हिन्दू और मुसलमानों को जातियों के आधार पर बांटकर राजनीति करना चाह रही है, लेकिन मध्यप्रदेश में यह हम बिल्कुल भी नहीं होने देंगे।

पानी की समस्या को खत्म किया है

                मुख्यमंत्री ने कहा है कि चित्रकूट क्षेत्र में पानी की समस्या रही है, लेकिन भाजपा की सरकार ने इस समस्या को समाप्त किया है। उन्होंने कहा कि यहां पर कुरियन बांध, सिंद्रा बांध, रामसागर बांध सहित अन्य बांधों का निर्माण कराया है। इन बांधों से यहां की लाखों एकड़ जमीन को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।

चित्रकूट के राजा भाजपा में हुए शामिल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में शुक्रवार को चित्रकूट के राजा प्रबल श्रीवास्तव अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्हें मुख्यमंत्री ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। वे भाजपा की रीति-नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं।

शोक संवेदना भी व्यक्त की

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चित्रकूट विधानसभा की मझगंवा में आयोजित सभा से पहले गुरूवार को स्कूली बच्चों की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त की है। चित्रकूट विधानसभा के गुड़वा गांव के पास एक बस और जीप की टक्कर में 6 बच्चों की मौत हो गई थी। इस मौके पर सतना सांसद गणेश सिंह, जिला अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, ममता पांडेय, रत्नाकर चतुर्वेदी, देवेंद्र तिवारी, अंजूसिंह बघेल, विमला पांडे, विनोद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।